समाचार · मध्य प्रदेश
भिंड में तीन लाख का संदिग्ध घी पकड़ा:घर में छिपाकर रखा था स्टॉक, लोकल में होता था सप्लाई, 31 टीन घी जब्त
भिंड में त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को गोहद के कटरा मोहल्ले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल ने एक घर पर छापामार कार्रवाई कर 31 टीन संदिग्ध घी जब्त किया। विभाग के अनुसार जब्त घी की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपए है। घी को घर में रखकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई किए जाने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। विभाग ने घी का नमूना लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा है।
गोपनीय सूचना पर पहुंची टीम, घर में मिला घी का बड़ा स्टॉक
कलेक्टर भिंड के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल को कटरा मोहल्ला, गोहद में एक घर से खाद्य सामग्री का कारोबार किए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने अजीत जैन के परिसर पर अचानक छापा मारा।
जांच के दौरान घर में 31 टीन घी रखा मिला। इतनी बड़ी मात्रा में घी घर में रखे होने पर विभाग ने स्टॉक की जांच की और घी को संदिग्ध मानते हुए उसका नमूना लिया। विभाग ने पूरे स्टॉक को नियमानुसार जब्त कर लिया है।
सैंपल की रिपोर्ट से साफ होगी घी की गुणवत्ता
खाद्य सुरक्षा विभाग ने घी का नमूना राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा है। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घी में किसी तरह की मिलावट या गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी है या नहीं। रिपोर्ट में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मालनपुर की पतंजलि आटा फैक्ट्री से भी लिया सैंपल
इसी कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मालनपुर स्थित पतंजलि आटा फैक्ट्री से भी आटे का नमूना लिया। विभाग के अनुसार पतंजलि आटा बनाए जाने वाले परिसर में बीपी फूड प्रोडक्ट्स, मालनपुर से राकेश शर्मा द्वारा उपलब्ध कराए गए आटे का सैंपल लिया गया। इसे भी जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
त्योहारी सीजन में विभाग की नजर, सूचना देने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण पर विशेष नजर रखी जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री की बिक्री या निर्माण की जानकारी मिलने पर तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें। अधिकारियों के अनुसार मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।