Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

इंग्लैंड दौरे से पहले शोएब अख्तर की बाबर को चेतावनी, बोले- यहां नहीं मिलेगी वेस्टइंडीज जैसी गलती की छूट

INT News12 August 2026 at 07:47 pm

Shoaib Akhtar on Babar Azam : वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने के बाद पाकिस्तान की टीम अब इंग्लैंड की चुनौती के लिए तैयार है. लेकिन उससे पहले पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने अपनी टीम को कड़ी चेतावनी दी है. उनका मानना है कि इंग्लैंड पाकिस्तान को संभलने का उतना मौका नहीं देगा, जितना वेस्टइंडीज ने दिया था. अख्तर ने कहा कि इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान के कमजोर पक्षों को ध्यान में रखते हुए तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियां तैयार कर सकती है, जो पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती होंगी.

‘इंग्लैंड वही गलती नहीं करेगा’

शोएब अख्तर ने एक स्थानीय स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म से बातचीत में कहा कि इंग्लैंड पाकिस्तान के खिलाफ अपनी परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाएगा. उन्होंने कहा, 'इंग्लैंड वह गलती नहीं करेगा जो वेस्टइंडीज ने की और जिसने पाकिस्तान को जीत की स्थिति में पहुंचने का मौका दिया. वे सीम के अनुकूल परिस्थितियां तैयार करेंगे, जिन्हें पाकिस्तान के लिए संभालना काफी मुश्किल होगा.'

वेस्टइंडीज में 1-1 से ड्रॉ रही सीरीज

टेस्ट कप्तान के रूप में वापसी करने वाले बाबर आजम की शुरुआत मिली-जुली रही. वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को मात दी, लेकिन दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने जोरदार वापसी करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की और सीरीज 1-1 से बराबर कर दी. पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 अगस्त से होने वाली है. ऐसे में अख्तर की यह चेतावनी बाबर आजम की टीम के लिए अहम मानी जा रही है.

Also Read: 4 मैच में 4 अर्धशतक...सासंद के बेटे ने DPL में मचाया धमाल, 173 के स्ट्राइक रेट से ठोके 281 रन

विदेश में जीत के लिए तरस रहा पाकिस्तान

पाकिस्तान ने अपना पिछला विदेशी टेस्ट मुकाबला 2023 में श्रीलंका के खिलाफ जीता था. इसके बाद टीम को ऑस्ट्रेलिया में 0-3 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा. दक्षिण अफ्रीका ने उसे 2-0 और बांग्लादेश ने भी 2-0 से हराया. यानी लंबे समय से पाकिस्तान विदेशी परिस्थितियों में टेस्ट जीत के लिए संघर्ष कर रहा है. अब बाबर आजम के नेतृत्व में इंग्लैंड दौरा इस कमजोरी को दूर करने का एक और मौका होगा.

सीम के सामने होगी असली परीक्षा

इंग्लैंड की परिस्थितियां खासतौर पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं. ऐसे में पाकिस्तान के बल्लेबाजों के सामने नई गेंद संभालने की बड़ी चुनौती होगी. अख्तर का मानना है कि इंग्लैंड पहले से पाकिस्तान की कमजोरियों पर काम करेगा और घरेलू परिस्थितियों का इस्तेमाल करके मेहमान टीम पर दबाव बनाएगा.

Also Read: मैथ्यू हेडन ने गिल की कप्तानी पर क्यों जताया भरोसा? WTC में भारत की हालत पर भी रखी अपनी राय