समाचार · मध्य प्रदेश
11 साल बाद पकड़ाया नाबालिग की हत्या का आरोपी:दूसरे मामलों में 2 बार जेल भी जा चुका; नशे में उगल दिया हत्याकांड का राज
इंदौर की खजराना पुलिस ने 2015 के एक हत्याकांड के मामले में बुधवार को आरोपी को पकड़ा है। आरोपी ने 17 साल के नाबालिग की हत्या की थी, लेकिन हत्याकांड में पकड़ा नहीं गया। इस दौरान वह कई बार पुलिस की गिरफ्त में आया। यहां तक कि 2024 में खजराना पुलिस ने उसे दो बार पकड़ा था। अब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया। टीआई मनोज सेंधव की टीम ने दौलतबाग निवासी अकील उर्फ नाईट्रा, पिता इम्तियाज शेख और उसके साथी आरिफ उर्फ नाईट्रा, पिता मोहम्मद शाकिर, निवासी गोहर कॉलोनी, खजराना को पकड़ा है। हत्याकांड में शामिल तीसरे आरोपी परवेज की मौत हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि अकील ने 2015 में अपने दोनों साथियों के साथ मिलकर 17 साल के नाबालिग की लूट के इरादे से हत्या कर दी थी। आरोपियों ने इसके बाद शव को ले जाकर जला दिया था। पुलिस को शव बायपास पर जला हुआ मिला था। हालांकि, मामले में कोई सुराग नहीं मिलने के बाद दो साल बाद हत्याकांड की फाइल बंद कर दी गई। थाने के पुलिसकर्मियों को मुखबिर से जानकारी मिली कि अकील किसी दुकान पर नशे में इस हत्याकांड को लेकर बात कर रहा है। इसके बाद थाने की टीम ने अकील को पकड़ा और पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ गया। आरोपियों ने नाबालिग से सोने का पेंडल, चांदी की चेन और अन्य सामान लूट लिया था। वहीं, उसकी बाइक को लावारिस हालत में छोड़ दिया था। हत्या के बाद दो बार इसी थाने में पकड़ा गया अकील पर 2015 में हुए हत्याकांड के बाद उज्जैन, लसूड़िया, एमआईजी और कनाड़िया में कई मामले दर्ज हुए। उसकी गिरफ्तारी भी हुई। 2024 में अवैध हथियार और एक अन्य मामले में दो बार अकील की गिरफ्तारी हुई। लेकिन पुलिस की पूछताछ में अकील ने इस हत्याकांड का जिक्र नहीं किया। इधर, आरिफ भी 2015 में एक चोरी के मामले में खजराना पुलिस के हत्थे चढ़ा था। इसके बावजूद पुलिस आरोपियों से हत्याकांड के संबंध में जानकारी नहीं जुटा पाई।