समाचार · पंजाब
बरनाला में व्यापारी पर जानलेवा हमला:लोहे की रॉड से सिर फोड़ा; 33 हजार रुपए लूटकर बदमाश फरार
बरनाला के गरचा रोड पर देर रात एक व्यापारी से लूटपाट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी संदीप सिंह पर हमला कर उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया और 33 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, यह वारदात 6 अगस्त की रात करीब 10 बजे हुई। संदीप सिंह पुत्र माखन सिंह, निवासी सलानी पत्ती (हंडियाया), अपनी कार की मरम्मत करवाने के बाद गरचा रोड स्थित गोदाम में खाली सिलेंडर रखने जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में आधा दर्जन के करीब अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। पीड़ित बोला- बदमाशों ने उन्हें जबरन गाड़ी से बाहर खींच लिया पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, बदमाशों ने उन्हें जबरन गाड़ी से बाहर खींच लिया और लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया। हमले में संदीप सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उनके पास मौजूद 33 हजार रुपये नकद से भरा बैग छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 बरनाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना सिटी-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए गरचा रोड और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।