समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी में नदी में नहाते समय डूबा युवक, मौत:रिशतेदारों के साथ नहाने गया था, पुलिस ने मर्ग कायम किया
शिवपुरी के तेंदुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार को नदी में नहाते समय 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने साले और साडू के साथ बाइक से लौट रहा था। केनवाया गांव के पास तीनों नदी में नहाने के लिए रुके थे। इसी दौरान युवक नदी के बीच गहरे पानी में चला गया और डूब गया। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान श्योपुर जिले के गसमानी थाना क्षेत्र के सहसराम गांव निवासी 22 वर्षीय छोटू जाटव के रूप में हुई है। वह अपनी ससुराल कड़ेशरा गांव आया हुआ था। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था मंगलवार को छोटू अपने साडू के गांव ख्यावदा में कांवड़ के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के बाद दोपहर में वह अपने साले और साडू के साथ बाइक से कड़ेशरा स्थित ससुराल लौट रहा था। गहरे गड्ढे में चला गया था युवक कड़ेशरा गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले केनवाया गांव के पास तीनों नदी में नहाने के लिए रुक गए। नहाते समय छोटू नदी के बीच गहरे पानी में चला गया। पानी के अंदर गहरे गड्ढे में जाने से वह डूबने लगा। उसके साले और साडू ने उसे बचाने का प्रयास किया। आसपास के ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद छोटू को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम किया घटना की सूचना मिलते ही तेंदुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।