समाचार · मध्य प्रदेश
खिलचीपुर में लूट के 3 आरोपियों का जुलूस निकाला:चोरी किए 2.79 लाख और जेवर बरामद, हथकड़ी पहनाकर कोर्ट ले गई पुलिस
राजगढ़ खिलचीपुर में पुलिस ने घर में घुसकर लूट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 2 लाख 79 हजार 600 रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल चाकू और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हथकड़ी और नकाब पहनाकर बाजार में पैदल घुमाया। 31 जुलाई की रात घर में घुसे थे बदमाश घटना 31 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे वार्ड-8 निवासी ममता जादौन के घर हुई थी। तीन बदमाश पीछे की खिड़की से घर में घुसे थे। उन्होंने महिला को चाकू दिखाकर डराया और मारपीट की। इसके बाद अलमारी में रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए थे। घटना के 11 दिन बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। तकनीकी सुराग से आरोपियों तक पहुंची पुलिस थाना प्रभारी कमल सिंह गेहलोत ने बताया कि महिला द्वारा बताए गए हुलिए और तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने लखन मोगिया (25) को उसकी ससुराल ग्राम गादिया, थाना अकलेरा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में लखन ने अपने साथी अंसार खान (43) और जाकिर खान (40) के साथ मिलकर लूट करना स्वीकार किया। लखन की निशानदेही पर अंसार खान को ग्राम हिनोतिया, थाना कामखेड़ा, जिला झालावाड़ स्थित उसकी ससुराल से पकड़ा गया। वहीं जाकिर खान को आगर जिले के ग्राम सामगीमाना से गिरफ्तार किया गया। नकदी और सोने-चांदी के जेवर बरामद पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लूट की रकम और जेवर बरामद किए। आरोपियों के कब्जे से 2,79,600 रुपए नकद, सोने की चेन, कान के टॉप्स, चांदी का कड़ा और अन्य जेवर मिले हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे के मार्गदर्शन और एसडीओपी डीवीएस नागर के नेतृत्व में की गई। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी कमलसिंह गेहलोत सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।