Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Air India Flight turbulance case : पायलट नशे की हालत में उड़ा रहा था विमान? डोप टेस्ट में पाया गया पॉजिटिव

INT News11 August 2026 at 09:36 pm

Air India Flight turbulance case : एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान के दौरान हुई टर्बुलेंस की घटना में कई यात्री घायल हुए थे. न्यूज एजेंसी पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक, पायलट डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया है. जांच में पाया गया कि पायलट ने विमान उड़ाने के दौरान गांजा का सेवन कर रखा था. इसके बाद DGCA (नागरिक उड्डयन मंत्रालय) ने जांच पूरी होने तक चालक दल के दोनों सदस्यों को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया है.

टर्बुलेंस के कारण विमान में आई थी अचानक ऊंचाई में गिरावट

यह मामला 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान AI2379 (एयरबस A320) से जुड़ा है. उड़ान के दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था, जिसके बाद विमान में सवार यात्रियों और क्रू मेंबर्स को चोटें आई थीं. विमान में 137 यात्री और 8 क्रू सदस्य समेत कुल 145 लोग सवार थे.

एअरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) के अनुसार, घटना के दौरान 20 यात्रियों और 4 केबिन क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं. हालांकि विमान बाद में सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया था.

पायलट और को-पायलट की हुई थी जांच

नियमों के तहत घटना के बाद विमान के दोनों पायलटों की नशीले पदार्थ के सेवन को लेकर जांच कराई गई थी. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 9 अगस्त को बताया था कि मुख्य पायलट की शुरुआती जांच रिपोर्ट में कुछ ऐसे संकेत मिले थे, जिसके बाद नमूनों को पुष्टि के लिए आगे प्रयोगशाला जांच में भेजा गया था.

अब सूत्रों के अनुसार, अंतिम जांच रिपोर्ट में गांजे के सेवन की पुष्टि हुई है.

AAIB कर रहा है घटना की विस्तृत जांच

वहीं, AAIB ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है. ब्यूरो ने बताया कि जांच के दौरान विमान के सिस्टम, फ्लाइट डेटा, ऑपरेशनल रिकॉर्ड, मेडिकल जानकारी और मानव कारकों से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है.

Also read : PHOTOS : उफनते नाले में बहा पुल, युवक लापता... रेस्क्यू टीम के बचाव अभियान की ग्राउंड तस्वीरें

AAIB ने कहा कि जांच का उद्देश्य घटना के कारणों और उससे जुड़े कारकों का पता लगाना है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. एजेंसी ने यह भी कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी एक जानकारी के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए.