समाचार · हरियाणा
फरीदाबाद में 11वीं क्लास की छात्रा की मौत:रेल लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई, स्कूल बैग से हुई पहचान
फरीदाबाद में नीलम पुल से पहले रेलवे लाइन पार करते समय एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ। छात्रा स्कूल जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान वह एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा का शव ट्रेन के अगले हिस्से में फंस गया। स्कूल बैग से हुई छात्रा की पहचान जीआरपी कर्मचारी सतपाल चौहान ने बताया कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे रेलवे लाइन पर हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो छात्रा का शव एक्सप्रेस ट्रेन के अगले हिस्से में फंसा हुआ मिला। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। मृतका की पहचान रामनगर कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय तान्या के रूप में हुई है। बैग में मिली किताबें और मोबाइल नंबर मौके पर छात्रा का स्कूल बैग भी मिला था। बैग में उसकी किताबें और अन्य सामान रखा हुआ था। बैग से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने छात्रा के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें हादसे की जानकारी दी। स्कूल जाते समय रेलवे लाइन पार कर रही थी पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि तान्या सुबह स्कूल जाने के लिए रेलवे लाइन पार कर रही थी। इसी दौरान वह तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। रेलवे की ओर से लोगों को इस रास्ते से लाइन पार करने से रोकने के लिए दीवार भी लगाई गई है, लेकिन इसके बावजूद लोग यहां से रेलवे लाइन पार करते हैं। बीके अस्पताल भेजा शव जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।