समाचार · हरियाणा
कुरुक्षेत्र के युवक की जर्मनी में हत्या:तीन युवकों ने चाकूओं से गोदा, परिवार का इकलौता बेटा था, फ्रांस में एक साल आर्मी में रहा
INT News12 August 2026 at 04:50 pm
हरियाणा के 25 साल युवक विशु शर्मा की जर्मनी के फ्रैंकफर्ट शहर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। विशु कुरुक्षेत्र के वार्ड-31 स्थित महादेव मोहल्ले का रहने वाला था। परिजनों को घटना की सूचना पड़ोसी गौरव ने सुबह करीब 4 बजे दी। विशु और गौरव रुममेट थे। विशु नवंबर 2022 में पुर्तगाल गया था। करीब डेढ़ साल पहले वह जर्मनी आया था। इससे पहले विशु ने करीब एक साल तक फ्रांस की सेना में भी सेवाएं दी थीं। पूर्व पार्षद नितिन भारद्वाज लाली विशु के चाचा हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन विशु के शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। जर्मनी में हत्या की वजह और वारदात से जुड़े आरोपियों को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है।