समाचार · हरियाणा
स्वतंत्रता दिवस को लेकर पलवल पुलिस अलर्ट:रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच, संदिग्धों पूछताछ, सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पलवल शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। जीआरपी और आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की तलाशी शुरू कर दी है, वहीं एसपी नीतीश अग्रवाल ने जिला पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं। जीआरपी चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने आरपीएफ के साथ मिलकर बुधवार को पलवल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर बैठे लोगों और ट्रेनों से आने-जाने वाले यात्रियों की गहनता से जांच की। इस दौरान यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई, ताकि कोई संदिग्ध वस्तु न लाई जा सके। टीम में देवरतन और सुखपाल सहित आरपीएफ के जवान भी शामिल रहे। यहां देखें फोटो… रेलवे स्टेशन पर तलाशी के बाद एंट्री चौकी प्रभारी ने यह भी बताया कि जीआरपी और आरपीएफ की टीमें दिन-रात स्टेशन पर अलर्ट मोड पर हैं। ट्रेनों में आने-जाने वाले यात्रियों की पूरी तरह से जांच के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। स्टेशन पर प्लेटफॉर्मों के साथ रेलवे लाइनों पर पड़ी गंदगी को भी साफ कराया जा रहा है। दूसरी ओर, एसपी नीतीश अग्रवाल ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएसपी, थाना व चौकी प्रभारियों के साथ-साथ अपराध जांच शाखा प्रभारियों को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में जिले में दूसरे जिलों व प्रदेशों से आने वाले मार्गों पर नाकाबंदी कर जांच करने और बाजारों में संदिग्धों पर नजर रखने के लिए सादा कपड़ों में पुलिस कर्मियों की तैनाती शामिल है। पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से शहर में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।