समाचार · मध्य प्रदेश
पौड़ी के छात्र 3KM कीचड़ में चलने को मजबूर:सड़क के लिए पन्ना कलेक्टर को भेजा ज्ञापन; बोले- हर साल फिसलकर चोटिल हो रहे
पन्ना जिले के पौड़ी (सिमरी) गांव के दर्जनों स्कूली बच्चों ने बदहाल रास्ते और सड़क निर्माण की मांग को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें रोजाना 3 किलोमीटर लंबे कीचड़ से भरे रास्ते पर पैदल चलना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क नहीं बनी तो वे पढ़ाई छोड़ने को मजबूर होंगे। सुबह 7 बजे निकलते हैं घर से, 12 घंटे बाहर बीतते हैं छात्राओं ने बताया कि रैपुरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाने के लिए उन्हें सुबह 7 बजे घर से निकलना पड़ता है। पहले वे 3 किलोमीटर का दलदली रास्ता पार कर टोला गांव स्थित मुख्य मार्ग पहुंचते हैं, फिर वहां से बस या टैक्सी से 10 किलोमीटर दूर स्कूल जाते हैं। इस सफर में करीब 12 घंटे का समय बीत जाता है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई दोनों पर बुरा असर पड़ रहा है। 4 साल से नहीं बदले हालात छात्रा बबली, रागनी, नीतू और प्रियंका लोध ने बताया कि पिछले चार सालों से हर बारिश में यह रास्ता दलदल बन जाता है। कई बार बच्चे कीचड़ में फिसलकर चोटिल भी हो जाते हैं। हर साल मांग के बावजूद प्रशासन के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया है। नायब तहसीलदार ने दिया आश्वासन विद्यार्थियों के दल ने तहसील कार्यालय पहुंचकर नायब तहसीलदार आर.एन. सोनी को पौड़ी से टोला गांव तक 3 किलोमीटर पक्की सड़क निर्माण के लिए ज्ञापन सौंपा। नायब तहसीलदार ने बताया कि छात्रों के ज्ञापन को कलेक्टर पन्ना को भेजकर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।