Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रतियोगिताएं:स्वास्थ्य-स्वच्छता जागरूकता पर जोर; पोस्टर मेकिंग में खुशी ने मारी बाजी

INT News12 August 2026 at 04:54 pm

सोनीपत। राजकीय महिला महाविद्यालय, सोनीपत में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर छात्राओं को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा एचआईवी/एड्स (HIV/AIDS) के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉ. किरण सरोहा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सेमिनार के साथ-साथ पोस्टर मेकिंग और एक्सटेम्पोर (तात्कालिक भाषण) प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के तहत आयोजित सेमिनार में लगभग 90 छात्राओं को संबोधित करते हुए सिविल अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉ. गरिमा त्रिपाठी ने व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित जांच और संक्रमण से बचाव के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद एचआईवी/एड्स पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में 20 छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिसमें खुशी ने प्रथम, अंजलि ने द्वितीय तथा सुचेता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह 8 छात्राओं की भागीदारी वाली एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में रौनक ने प्रथम, हिमांशी ने द्वितीय तथा खुशी व रितु ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को जिला स्वास्थ्य विभाग की रेड रिबन काउंसलिंग टीम द्वारा मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्या डॉ. किरण सरोहा और नोडल अधिकारी डॉ. अमिता पंघाल ने छात्राओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही समाज से स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों और भेदभाव को दूर कर सकती है। कार्यक्रम में डॉ. सविता, डॉ. सुनील तथा डॉ. नरेश अंतिल भी मौजूद रहे। अंत में डॉ. सुनील पवार ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम और शिक्षकों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया।