समाचार · पंजाब
संगरूर में 5 साल बाद बेटी घर लौटी:पिंगलवाड़ा की वायरल रील देखकर परिजनों ने पहचाना, मिलन पर छलके आंसू
संगरूर में पांच साल पहले लापता हुई एक महिला आखिरकार अपने परिवार से मिल गई। मानसिक बीमारी से जूझ रही यह महिला ‘बेबी’ नाम से जानी जाती थी और पिछले पांच वर्षों से पिंगलवाड़ा संस्था में रह रही थी। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील ने उसे उसके परिजनों से दोबारा मिलाने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार, महिला करीब पांच साल पहले ट्रेन के माध्यम से संगरूर पहुंची थी। उसकी मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उसे पिंगलवाड़ा संस्था में भर्ती कराया था। संस्था ने वर्षों तक उसकी देखभाल की और उपचार उपलब्ध कराया, जिससे उसकी हालत में काफी सुधार आया। बेटी से मिलकर भावुक हुआ परिवार कुछ दिन पहले पिंगलवाड़ा संस्था ने महिला की एक वीडियो रील सोशल मीडिया पर साझा की। यह रील तेजी से वायरल हुई और उसे देखकर महिला के परिवार वालों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद परिजनों ने तुरंत संस्था से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे अपने साथ ले जाने पहुंचे। पांच साल बाद बेटी से मिलकर परिवार भावुक हो गया। परिजनों ने बताया कि उन्होंने उसकी वापसी की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। उन्होंने पिंगलवाड़ा संस्था का आभार जताते हुए कहा कि संस्था की सेवा, देखभाल और प्रयासों के कारण ही उनकी बेटी सुरक्षित मिली और परिवार फिर से एकजुट हो सका। यह मिलन वहां मौजूद लोगों के लिए भी भावुक क्षण बन गया।