समाचार · हरियाणा
झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर दर्दनाक हादसा:पिकअप की टक्कर से की-मैन की मौत,सप्लाई का पानी खोलने के दौरान सड़क पर पैदल जा रहा था रामबीर
झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में जन स्वास्थ्य विभाग के 47 वर्षीय की-मैन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामबीर के रूप में हुई है, जो दादरी तोए स्थित रामगढ़ ढाणी का रहने वाला था और जन स्वास्थ्य विभाग में की-मैन के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार रामबीर सप्लाई का पानी खोले जाने के दौरान सड़क पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान फरुखनगर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामबीर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीण ने पिकअप को रोका, चालक मौके से फरार
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण ने पिकअप गाड़ी को काबू कर लिया, जबकि उसका चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने मृतक के शव को झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस हादसे से जुड़े साक्ष्यों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।