Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मोहन सरकार ने फिर लिया ₹2,400 करोड़ का कर्ज:5 महीने में 47,800 करोड़ रुपए लिए; कुल कर्ज ₹5.36 लाख करोड़ पहुंचा

INT News20 August 2026 at 07:42 pm

हर 15 दिन में कर्ज ले रही मोहन सरकार ने एक बार फिर बाजार से अलग-अलग ब्याज दरों पर 2,400 करोड़ रुपए का कर्ज उठाया है। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष में लिए गए कर्ज का आंकड़ा पांच महीने में 47,800 करोड़ रुपए पहुंच गया है। वहीं, राज्य सरकार पर कुल कर्ज बढ़कर 5 लाख 36 हजार 514 करोड़ रुपए हो गया है। सरकार ने 19 अगस्त को मैहर में 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में लाड़ली बहना योजना की 2,148 करोड़ रुपए की किस्त ट्रांसफर करने से पहले यह कर्ज लिया है। मोहन सरकार ने 18 अगस्त को सिक्योरिटी की नीलामी के बाद 7.58% और 7.39% ब्याज दर पर 1,400 करोड़ और 1,000 करोड़ रुपए के दो कर्ज उठाए हैं। इन दोनों कर्ज की राशि पर सरकार जनवरी और जुलाई में छमाही आधार पर ब्याज का भुगतान करेगी। दोनों कर्ज की अवधि क्रमशः 12 साल और 8 साल है। इससे पहले सरकार ने इसी महीने 4 अगस्त को 1,600 करोड़ और 2,000 करोड़ रुपए के दो कर्ज लेकर कुल 3,600 करोड़ रुपए बाजार से जुटाए थे। वहीं, 21 जुलाई को सबसे बड़ा 24,400 करोड़ रुपए का कर्ज लिया गया था। उस दिन 20,000 करोड़, 1,000 करोड़, 1,400 करोड़ और 2,000 करोड़ रुपए के चार कर्ज उठाए गए थे। 31 मार्च 2026 की स्थिति में राज्य सरकार पर 4 लाख 88 हजार 714 करोड़ रुपए का कर्ज था। चालू वित्त वर्ष में अब तक लिए गए 47,800 करोड़ रुपए के नए कर्ज के बाद यह बढ़कर 5 लाख 36 हजार 514 करोड़ रुपए हो गया है।