समाचार · मध्य प्रदेश
आगर-मालवा में निकली गोगा महाराज की छड़ी यात्रा:राज्यसभा सांसद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
आगर-मालवा शहर में गुरुवार को वाल्मीकि समाज की ओर से गोगा महाराज की छड़ी यात्रा निकाली गई। इसमें राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज सहित शाजापुर, सारंगपुर, आलोट, घटिया और खाचरौद जैसे विभिन्न क्षेत्रों से आई गोगा महाराज की छड़ियां शामिल हुईं। बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ पुरानी कृषि उपज मंडी से गोगा महाराज की छड़ी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा अस्पताल चौराहा, सरकार बड़ा, गोपाल मंदिर, शंकर कुआं, छावनी और झंडा चौक से होते हुए देर शाम काटन प्रेस पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की धुन पर गोगा महाराज के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। शहर में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। काटन प्रेस पर यात्रा के समापन अवसर पर गोगा महाराज की आरती की गई। श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, वाल्मीकि समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।