समाचार · हरियाणा
हांसी में ₹50 हजार रिश्वत लेते आरोपी गिरफ्तार:खुद को अधिकारी बताया, यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलाने की ₹2 लाख में डील; विजिलेंस ने दबोचा
हरियाणा के हांसी में राज्य चौकसी ब्यूरो (विजिलेंस) ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) में नौकरी लगवाने के नाम पर ₹50 हजार की रिश्वत लेते एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को सरकारी अधिकारी बताकर एक महिला को चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी भिवानी में HKRN के तहत नौकरी दिलाने का झांसा दे रहा था। आरोपी की पहचान ऐलनाबाद के गांव मिठनपुरा निवासी राजेंद्र के रूप में हुई है। बंसीलाल यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलाने का झासा राज्य चौकसी ब्यूरो जींद के निरीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी राजेंद्र ने महिला को खुद को सरकारी अधिकारी बताया था। उसने दावा किया कि HKRN से जुड़े अधिकारियों से उसकी अच्छी जान-पहचान है। इसी प्रभाव का हवाला देते हुए उसने महिला को चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी, भिवानी में HKRN के तहत नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। नौकरी के लिए ₹2 लाख की डील तय हुई थी, जिसमें ₹50 हजार बतौर अग्रिम भुगतान मांगे गए थे। टीम ने महिला को दी ₹50 हजार रकम महिला ने मामले की शिकायत राज्य चौकसी ब्यूरो के टोल फ्री नंबर पर की थी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। टीम ने महिला को ₹50 हजार की रकम दी, जिसमें ₹500 के 100 नोट शामिल थे। इन नोटों पर विशेष पाउडर लगाया गया था, ताकि रिश्वत लेते समय आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा जा सके। गुरुवार को हांसी बस स्टैंड के सामने आरोपी राजेंद्र ने जैसे ही महिला से ₹50 हजार की रकम अपने हाथ में ली, पहले से मौजूद राज्य चौकसी ब्यूरो की टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक अन्य व्यक्ति से भी पैसे लेने की जानकारी निरीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी राजेंद्र ने एक अन्य व्यक्ति से भी हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लिए हैं। इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है। विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने नौकरी लगवाने के नाम पर कितने लोगों से पैसे लिए हैं तथा इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। लोगों से विजिलेंस को सूचना देने की अपील निरीक्षक महेंद्र कुमार ने आम लोगों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है अथवा कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी या HKRN के तहत नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत राज्य चौकसी ब्यूरो को दें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी और शिकायत के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।