Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

महिला को मृत समझकर पुलिस ने कमरे में लगाया ताला:2 घंटे बाद खोला तो चल रही थीं सांसें, ICU में भर्ती, परिजनों ने चक्काजाम कर जताया विरोध

INT News20 August 2026 at 08:50 pm

बेमेतरा शहर के वार्ड नंबर 7 स्थित परशुराम चौक में गुरुवार को पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया। यहां एक महिला ने घर के अंदर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। आरोप है कि मौके पर पहुंची सिटी कोतवाली पुलिस ने देविका साहू (44) को मृत समझकर कमरे में ताला लगा दिया और पंचनामा की कार्रवाई के लिए बाद में लौटने की बात कहकर चली गई। करीब दो घंटे बाद पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और कमरे का ताला खोला तो महिला की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे ICU में भर्ती कराया गया है। बच्चे स्कूल से लौटे तो मां को फंदे पर देखा बताया गया कि महिला पिछले करीब 10 वर्षों से किराए के मकान में अपने तीन बच्चों के साथ रह रही है। गुरुवार को घटना के समय तीनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर करीब 1:30 बजे महिला ने घर के अंदर रस्सी से फांसी लगाने की कोशिश की। स्कूल से लौटे बच्चों ने अपनी मां को इस हालत में देखा तो उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप- महिला को मृत समझकर कमरे में लगा दिया ताला परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर महिला को मृत समझ लिया। इसके बाद कमरे में ताला लगा दिया गया और पंचनामा की कार्रवाई के लिए बाद में लौटने की बात कहकर पुलिसकर्मी वहां से चले गए। करीब दो घंटे बाद पुलिसकर्मी पंचनामा की कार्रवाई के लिए दोबारा मौके पर पहुंचे। जब कमरे का ताला खोला गया तो महिला की सांसें चल रही थीं। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। महिला को तत्काल निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे ICU में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है। जिंदा मिलने के बाद परिजन हुए नाराज महिला के जिंदा मिलने की जानकारी सामने आने के बाद परिजन और स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराज हो गए। उनका आरोप है कि यदि पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही महिला की स्थिति की ठीक से जांच की होती तो उसे करीब दो घंटे पहले ही अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कथित लापरवाही की जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की। परशुराम चौक पर सड़क पर बैठे लोग, किया चक्काजाम घटना से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग कुछ देर के लिए परशुराम चौक पर सड़क पर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर पुलिस की कथित लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर काफी देर तक चर्चा होती रही। पुलिस की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण स्पष्ट नहीं फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक तौर पर क्या कार्रवाई की गई है या घटना को लेकर क्या स्पष्टीकरण दिया गया है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और महिला की मेडिकल स्थिति को लेकर आगे की जानकारी का इंतजार है। ……………….. इस से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए डॉक्टरों ने मृत बताया, अंतिम-संस्कार से पहले जिंदा हुआ, VIDEO:शरीर हिला, फिर गई जान; डॉ. बोले- परिवार वाले मर्जी से पेशेंट को ले गए रायपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ने भिलाई के युवक को मृत घोषित कर रिश्तेदारों को बॉडी सौंप दिया, लेकिन जब रिश्तेदार अंतिम संस्कार के लिए उसे लेकर जा रहे थे, तभी युवक के शरीर में हरकत दिखाई देने लगी। इसके बाद रिश्तेदार उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।…पढ़िए पूरी खबर