समाचार · मध्य प्रदेश
पन्ना के जंगल में भालू का हमला:मादा भालू ने युवक का पैर चबाया, वनकर्मियों ने बचाई जान
पन्ना के अधराड़ी जंगल में एक युवक पर मादा भालू ने हमला कर दिया। घटना दक्षिण पन्ना वनमंडल के कक्ष 1257 में गुरुवार शाम हुई। ग्राम दामुइया निवासी 37 वर्षीय राकेश सिंह अपने साथी राजेंद्र और राहुल के साथ जंगल गए थे, तभी मादा भालू अपने दो शावकों के साथ सामने आ गई। भालू ने राकेश सिंह के बाएं पैर के घुटने पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। राकेश के साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद भालुओं का कुनबा वहां से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही बीट वनपाल गोविंद प्रजापति और बीटगार्ड रजनीश चौधरी मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने तत्काल घायल राकेश को अपनी गाड़ी से रैपुरा अस्पताल पहुंचाया। रैपुरा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राकेश को बेहतर इलाज के लिए कटनी रेफर कर दिया। कटनी के अस्पताल में उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों ने उनकी जान को खतरे से बाहर बताया है। इस घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में चौकसी बढ़ा दी है। विभाग ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि जब तक भालुओं का यह कुनबा शांत नहीं हो जाता, तब तक घने जंगल की ओर अकेले या लापरवाही से जाने से बचें।