Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

WTC में जो रूट का कारनामा, कप्तान के तौर पर 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी

INT News20 August 2026 at 08:41 pm

Joe Root: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे रूट ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में कप्तान के तौर पर 3000 रन पूरे कर लिए हैं. वह ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.

42 रनों की थी जरुरत

हेडिंग्ले में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन रूट को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 42 रन की जरूरत थी. पहले दिन नाबाद 37 रन पर लौटे रूट ने दूसरे दिन लंच के बाद पांच रन और जोड़ते ही 3000 रन का आंकड़ा छू लिया.

दोबारा बने इंग्लैंड टीम के कप्तान

35 वर्षीय रूट ने जून 2026 में बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद दोबारा इंग्लैंड की टेस्ट कप्तानी संभाली है. कप्तान के तौर पर WTC में उनके नाम अब 3000 से अधिक रन दर्ज हो चुके हैं. इस दौरान उन्होंने आठ शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर 228 रन रहा है.

कप्तानों में रूट के आसपास भी नहीं कोई

WTC में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रूट काफी आगे निकल चुके हैं. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स 2182 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं. श्रीलंका के पूर्व कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने 2160 रन बनाए हैं. पाकिस्तान के बाबर आजम इस सूची में 1918 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं. रूट की उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि अब तक कोई दूसरा कप्तान WTC में 3000 रन के आंकड़े के करीब भी नहीं पहुंच सका है.

Also Read: आखिर क्यों ओली रॉबिन्सन और जोश टंग को मिली आधी-आधी बॉल? वजह जानकर कहेंगे- ऐसा भी होता है

पोंटिंग का रिकॉर्ड भी खतरे में

रूट के पास हेडिंग्ले टेस्ट में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. वह घरेलू टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने से महज 37 रन दूर हैं. ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग ने अपने घरेलू मैदान पर 92 टेस्ट मैचों में 7578 रन बनाए हैं. वहीं रूट के नाम अब 88 टेस्ट में 7542 से अधिक रन दर्ज हैं. पाकिस्तान के खिलाफ जारी मुकाबले में 37 रन बनाते ही रूट पोंटिंग को पीछे छोड़कर घरेलू टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. इस सूची में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर 7216 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं. श्रीलंका के महेला जयवर्धने और दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर हैं.

सचिन के रिकॉर्ड पर भी नजर

रूट के पास सिर्फ रन बनाने का ही नहीं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में अर्धशतकों का एक बड़ा रिकॉर्ड बराबर करने का भी मौका है. उनके नाम अब तक 67 अर्धशतक हैं. टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 200 टेस्ट मैचों में 68 अर्धशतक लगाए थे. रूट अगर पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में अर्धशतक पूरा कर लेते हैं, तो वह सचिन के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे.

Also Read: क्या अभिषेक शर्मा को लग गई थी पार्टियों-गर्लफ्रेंड की लत? युवराज सिंह ने ऐसे बचाया था उनका करियर