समाचार · पंजाब
अमृतसर में सरकारी गोदाम से 400 बोरी गेहूं चोरी:पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट किया, चुराए गए गेहूं की बरामदगी नहीं
अमृतसर जिले में मजीठा के सोहियां कलां गांव स्थित पंजाब स्टेट ग्रेन्स प्रोक्योरमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पनग्रेन) के सरकारी गोदाम से लगभग 400 बोरी गेहूं चोरी हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि एफसीआई के इंस्पेक्टर एसोसिएशन महाजन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनके बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, चोरी हुए गेहूं की सही मात्रा की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर करीब 400 बोरी गेहूं चोरी होने की पुष्टि हुई है। एक आरोपी को अरेस्ट कर रिमांड पर लिया पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी किए गए गेहूं और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की गई। दो दिन का रिमांड समाप्त होने के बाद, आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी किया गया गेहूं कहां रखा गया है और उसे किस स्थान पर ले जाया गया है। फिलहाल, चोरी हुए गेहूं की पूरी बरामदगी नहीं हो पाई है। पुलिस गेहूं की बरामदगी के लिए लगातार जांच कर रही है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस चोरी की वारदात में गिरफ्तार आरोपी के साथ और कितने लोग शामिल थे। आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी की गई गेहूं की बोरियों को बेचा गया है या उन्हें किसी अन्य स्थान पर पहुंचाया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और सरकारी गेहूं की बरामदगी को प्राथमिकता के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की पूरी घटना और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।