Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भारतीय किसान संघ का शाजापुर में प्रदर्शन:फसल बीमा विसंगतियों पर 7 दिन का अल्टीमेटम; अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

INT News11 August 2026 at 03:26 pm

शाजापुर में भारतीय किसान संघ ने खरीफ 2025 की सोयाबीन फसल के बीमा वितरण में कथित विसंगतियों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कलेक्टर के नाम शाजापुर एसडीएम मनीषा वास्कले को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। संघ ने ज्ञापन के माध्यम से खरीफ 2025 की संपूर्ण जिले की पटवारी हल्का-वार शॉर्टफॉल रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि यह रिपोर्ट मिलने के बाद किसान अपने क्षेत्र में हुए नुकसान का सही आकलन कर दावा-आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। बीमा राशि नहीं मिली तो आंदोलन करेंगे दूसरी प्रमुख मांग फसल बीमा राशि के वितरण में कथित विसंगतियों की जांच को लेकर है। भारतीय किसान संघ के अनुसार, जिले के कई पटवारी हल्कों में किसानों को बीमा राशि नहीं मिली है, जबकि कुछ क्षेत्रों में नाममात्र की राशि का ही भुगतान हुआ है। संघ ने मामले की जांच के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक समिति गठित करने की मांग की है। सोयाबीन फसल में किसानों को भारी नुकसान भारतीय किसान संघ के जिला मीडिया प्रभारी भारत सिंह नहार ने बताया कि सोयाबीन फसल में किसानों को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन बीमा वितरण में बड़ी संख्या में किसान वंचित रह गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जिले की सातों तहसीलों में किसानों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपे गए हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर वंचित किसानों को बीमा लाभ देने और नुकसान का उचित आकलन करने की दिशा में कार्रवाई नहीं हुई, तो किसान संघ जिला स्तर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। संघ ने स्पष्ट किया कि इसकी जिम्मेदारी संबंधित बीमा कंपनी और शासन-प्रशासन की होगी।