समाचार · हरियाणा
नूंह में हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:सिर में गोली मारकर किया था मर्डर; चार दिन के रिमांड पर भेजा
नूंह जिला पुलिस ने लहरवाड़ी गांव में 18 अगस्त को हुई अजहरुद्दीन की हत्या के मुख्य आरोपी मोहम्मद कैश को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मोहम्मद कैश पुत्र मजीद निवासी लहरवाड़ी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान उससे वारदात से जुड़े अहम पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, 18 अगस्त को लहरवाड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों में झड़प हुई थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। आरोप है कि मोहम्मद कैश ने अजहरुद्दीन के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया घटना की सूचना मिलते ही सदर पुन्हाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने करीब 22 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। चार दिन के रिमांड पर भेजा आरोपी जांच के दौरान मुख्य आरोपी मोहम्मद कैश की पहचान की गई और उसे 20 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे पुन्हाना कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने पुलिस की अर्जी पर आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस थाना सदर पुन्हाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद कैश से हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और घटना के पीछे के कारणों के बारे में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।