Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

मोगा में सिंचाई विभाग के 2 कर्मचारी रिश्वत लेते अरेस्ट:विजीलेंस ने 50 हजार लेते दबोचा, पहले भी लिए 5.5 लाख, नौकरी दिलाने का झांसा

INT News20 August 2026 at 07:55 pm

मोगा विजीलेंस ब्यूरो ने सिंचाई विभाग के दो कर्मचारियों को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इन कर्मचारियों पर नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लेने का आरोप है। यह कार्रवाई चीफ डायरेक्टर विजीलेंस ब्यूरो शरद सत्या चौहान के निर्देशों पर की गई। तलवंडी भाई के निम वाला चौक निवासी सोनी ने विजीलेंस ब्यूरो मोगा को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि सिंचाई (नहरी) विभाग में कार्यरत बेलदार वीर सिंह और गेज रीडर जगदेव सिंह ने उनके बेटे मोहित कायत को बेलदार की नौकरी दिलाने के लिए 5-6 लाख रुपए की मांग की थी। साढ़े पांच लेकर भी नहीं मिला नियुक्ति पत्र शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने आरोपियों को पहले ही साढ़े पांच लाख रुपए दे दिए थे। इसके बावजूद उनके बेटे को कोई नियुक्ति पत्र नहीं मिला। अब आरोपी नियुक्ति पत्र दिलाने के नाम पर उनसे 50 हजार रुपये और मांग रहे थे। डीएसपी सोहन सिंह और इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई की। उन्होंने सरकारी गवाहों की मौजूदगी में वीर सिंह और जगदेव सिंह को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। दोनों आरोपियों के खिलाफ फिरोजपुर के विजीलेंस ब्यूरो थाने में मामला दर्ज किया गया है। विजीलेंस टीम कर रही आरोपियों से पूछताछ विजीलेंस सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता ने दोनों आरोपियों की बातचीत रिकॉर्ड की थी। यह रिकॉर्डिंग विजीलेंस ब्यूरो को सौंप दी गई, जिसके आधार पर शिकायतकर्ता के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। विजीलेंस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जाएगी और उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा।