समाचार · पंजाब
फिरोजपुर में 8 क्विंटल मिठाई जब्त:फूड सेफ्टी विभाग ने मारा छापा, बिना लाइसेंस आधे दाम पर बिक रही थी, सैंपल जांच को भेजे
हारी सीजन और आम दिनों में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ फूड सेफ्टी विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की है। जिला फिरोजपुर के अधीन आते गुरुहरसहाय के मुख्य बाजार में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने एक हलवाई की दुकान पर औचक छापेमारी (रेड) की। इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने दुकान से भारी मात्रा में घटिया और मिलावटी मिठाइयां बरामद की हैं, जिसके बाद करीब 8 क्विंटल (800 किलोग्राम) मिठाई को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। टीम ने पतीसा, बर्फी और मिल्क केक समेत कई मिठाइयों के सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। आधे दाम पर बेची जा रही थी मिठाई, गुणवत्ता पर उठे सवाल फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारी अभिनव खोसला ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें बाजार में बेहद कम और आधे दामों पर मिठाई बेचे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर जब टीम ने हलवाई की दुकान पर दबिश दी, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। अधिकारी ने बताया कि दुकान पर मिल्क केक मात्र 250 रुपये प्रति किलो के भाव से बेचा जा रहा था, जबकि मौजूदा समय में अच्छी गुणवत्ता का मिल्क केक 500 रुपये प्रति किलो से कम में तैयार होना नामुमकिन है। इतने कम दाम में मिठाई बेचना सीधे तौर पर इसकी गुणवत्ता में भारी मिलावट को दर्शाता है।
न लाइसेंस, न एक्सपायरी डेट और गंदगी के बीच बन रही थी मिठाइयां फूड इंस्पेक्टर के अनुसार, जांच के दौरान दुकानदार की बड़ी लापरवाहियां सामने आईं। उक्त हलवाई के पास न तो दुकान चलाने का कोई वैध लाइसेंस था और न ही काउंटर पर सजी मिठाइयों के डिब्बों पर कोई 'मैन्युफैक्चरिंग' या 'एक्सपायरी डेट' (खराब होने की तिथि) लिखी हुई थी, बल्कि डिब्बों पर केवल गुप्त कोड डाले गए थे। इसके अलावा, जिस कारखाने या जगह पर ये मिठाइयां तैयार की जा रही थीं, वहां साफ-सफाई का नामोनिशान नहीं था और बेहद गंदगी के बीच इन्हें बनाया जा रहा था। सैंपल फेल होने पर होगी जेल, अधिकारी ने दी घर पर बनाकर खाने की सलाह विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब्त की गई मिठाइयों के सैंपल सील कर दिए गए हैं और उन्हें तुरंत टेस्टिंग के लिए सरकारी लैब भेजा जा रहा है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद आरोपी दुकानदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के आरोप में उसे जेल की हवा भी खानी पड़ सकती है। इस बड़ी कार्रवाई के बाद फूड सेफ्टी अधिकारी अभिनव खोसला ने आम जनता से भी एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा, "अगर आप लोगों ने तंदुरुस्त जिंदगी जीनी है, तो बाजार की इन मिलावटी और रंग-बिरंगी मिठाइयों को खरीदने से बचें। सेहतमंद रहने के लिए जितना संभव हो सके, खुद घर पर ही शुद्ध चीजें बनाकर खाएं।"