समाचार · मध्य प्रदेश
शाजापुर पुलिस ने 130 गुम मोबाइल फोन बरामद किए:CEIR पोर्टल की मदद से 20 लाख रुपए के फोन मिले
शाजापुर पुलिस ने CEIR पोर्टल का इस्तेमाल कर जिले में गुम हुए 130 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई से उन लोगों को राहत मिली है, जिन्हें अपने गुम हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद थी। पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर साइबर टीम और जिले के अलग-अलग पुलिस थानों की टीमों ने मिलकर मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। टीमों ने तकनीकी जांच और डिजिटल जानकारी की मदद से लगातार कोशिशें कीं और गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया। इसके बाद, अलग-अलग जगहों से इन फोनों को बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन की पहचान की और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया। तुरंत करें शिकायत दर्ज एसपी प्रियंका शुक्ला ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे पुलिस तकनीकी तरीके से मोबाइल को ट्रेस कर पाएगी। इसके साथ ही, पुलिस ने साइबर अपराध या ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर जानकारी देने को कहा है। पुलिस ने अनजान लिंक, कॉल और मैसेज से सावधान रहने की भी अपील की है।