समाचार · झारखंड
थाना प्रभारी के सामने महिला ने पीया जहर, जमीन विवाद में 12 आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना परिसर में सोमवार को जमीन विवाद से जुड़ा मामला गंभीर हो गया. बड़ाखुर्शी गांव की रहने वाली पद्मावती सिंह अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंची थी. थाना प्रभारी अंकु कुमार के समक्ष उसने अपनी नाराजगी जतायी. उचित कार्रवाई की मांग की. इसी दौरान उसने अपनी कमर से जहर की शीशी निकाली और पी लिया. कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं. महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखायी और उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया.
12 लोगों के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
पद्मावती सिंह ने जमीन विवाद को लेकर शंभु महतो, शिवशंकर महतो, जगदीश महतो समेत कुल 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. महिला का आरोप है कि जमीन विवाद के दौरान आरोपियों ने उसे जमीन पर घसीटकर मारपीट की थी. इस दौरान मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किये जाने की बात भी सामने आयी है. महिला का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई. साथ ही, मामले में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं नहीं जोड़ी गयीं. इसी से नाराज होकर वह सोमवार को थाने पहुंची थी. कार्रवाई की मांग पूरी नहीं होने से क्षुब्ध होकर उसने जहर पी लिया.
ये भी पढ़ें : मौत के कुएं में स्टंट के दौरान आग का गोला बनी बाइक, युवती के बालों में भी लगी आग, फिर ऐसे बची जान, यहां देखें तस्वीरें
अंचलाधिकारी की कार्यशैली पर भी उठे सवाल
मामले को लेकर आजाद पार्टी के जिला युवा उपाध्यक्ष विकास हेंब्रम ने घाटशिला के अंचलाधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाये हैं. उन्होंने जमीन विवाद की निष्पक्ष जांच और उसका त्वरित समाधान करने की मांग की है. घटना के बाद जमीन विवाद के निपटारे और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
पांच एकड़ 74 डिसमिल जमीन को लेकर पुराना विवाद
जानकारी के अनुसार, पायरागुड़ी गांव के बिरहीगोड़ा टोला के पास नेशनल हाइवे-33 के किनारे रैयत स्व. मनोरंजन भूमिज की पांच एकड़ 74 डिसमिल जमीन है. इसी जमीन को लेकर महतो और भूमिज समुदाय के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच कई बार तनाव और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. जमीन विवाद से जुड़े आरोपों और महिला की शिकायत पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आगे की कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें : सिदगोड़ा में दिखेगी ‘कुम्हारपाड़ा की बैलगाड़ी’, भूमि पूजन के साथ भव्य काली पूजा पंडाल का निर्माण शुरू