समाचार · बिहार
बेगूसराय में नाबालिग से दुष्कर्म पर भड़के पूर्व विधायक अवधेश राय, बोले- अपराधियों पर हो सख्त कार्रवाई

Begusarai Minor Rape Case : मियाचक में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआइ) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआइएसएफ) के नेताओं ने कड़ी नाराजगी जतायी है. पूर्व विधायक और सीपीआइ के जिला मंत्री अवधेश राय ने पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं को रोकने में सरकार नाकाम नजर आ रही है. उन्होंने प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की.
अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर उठाये सवाल
पूर्व विधायक अवधेश राय ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ अत्याचार तथा दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. अपराधियों का मनोबल बढ़ने से आम लोग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं. उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
नशे के बढ़ते प्रचलन पर भी जतायी चिंता
एआइएसएफ के राष्ट्रीय सचिव और सीपीआइ बेगूसराय सचिवमंडल के सदस्य अमीन हमजा ने कहा कि बिहार में स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों का बढ़ता प्रचलन भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने मियाचक की घटना को इंसानियत को शर्मसार करने वाला बताया और आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कठोर सजा दिलाने की मांग की.
अमीन हमजा ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए उनका संगठन संघर्ष करेगा. उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने की अपील की, ताकि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के मन में कानून का भय पैदा हो.
सामाजिक बहिष्कार की भी उठायी मांग
एआइएसएफ के राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमरेश कुमार और प्रगतिशील लेखक संघ की नेत्री व वार्ड पार्षद शगुफ्ता ताजवर ने कहा कि दुष्कर्म जैसे अपराध करने वालों का कोई जाति या धर्म नहीं होता. ऐसे लोगों का सामाजिक स्तर पर भी बहिष्कार किया जाना चाहिए. उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की.
सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के परिजनों से मिले नेता
बताया गया कि पिछले दिनों मियाचक में एक नाबालिग लड़की के साथ दो व्यक्तियों द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद सीपीआइ और एआइएसएफ का प्रतिनिधिमंडल पीड़िता और उसके परिवार से मिलने सदर अस्पताल पहुंचा. वहां नेताओं ने पीड़िता की स्थिति की जानकारी ली और जिला प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ अविलंब कठोर कार्रवाई करने की मांग की.
इस दौरान एआइएसएफ नेता अंकित सिंह, रविभूषण, अमरजीत, गालिब सहित पार्टी और संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
Also Read : बेगूसराय में 14 साल की किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार