समाचार · पंजाब
9-10 वर्षीय बच्चियों से अश्लील हरकतें करने वाला नामजद:पड़ोसी के घर खेलने गई थी, पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस किया दर्ज
पठानकोट के थाना एक के अधीन आते एक पॉश एरिया में 9 और 10 साल की बच्चियों के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। जहां पड़ोसी ने ही उसके घर में खेलने आई बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें कीं। पड़ोसी की हरकत से सहमी बच्ची ने अपनी मां को बात बताई तो मामला पुलिस तक पहुंचा। मां की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। खेलने गई थी बच्ची, रोते हुए घर पहुंची तो बताई आपबीती पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी, जो कक्षा 5वीं में पढ़ती है, 24 अक्टूबर की शाम को अपनी एक अन्य छोटी सहेली के साथ घर के पास खेल रही थी। शाम करीब 7 बजे उनकी बेटी रोते हुए घर वापस आई। जब उन्होंने बच्ची से रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह और उसकी सहेली पास ही रहने वाले व्यक्ति के घर खेलने गई थीं। बच्ची ने मां को बताया कि उस पड़ोसी ने उसे अपने पास बैठा लिया और उसके साथ गलत नीयत से अश्लील हरकतें (गलत तरीके से छूना) करने लगा। बच्ची ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसकी सहेली के साथ भी इसी तरह की हरकत की। महिला थाना पुलिस ने दर्ज किया केस घटना का पता चलते ही परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। महिला थाना पठानकोट की जांच अधिकारी एएसआई कविता ने पीड़िता की मां के बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ केस नंबर 176, धारा 354 IPC, धारा 74 BNS और धारा 10 POCSO Act के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई कविता ने कहा कि बच्चियों का मेडिकल करवा जांच की जा रही है।