sports
कौन हैं शादाब खान की पत्नी मलाइका सकलैन और क्या करती हैं काम? पाकिस्तान की रोमांचक जीत के बाद चर्चा में आईं

पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच गद्दाफी स्टेडियम, लाहौर में खेले गए वनडे ट्राई-सीरीज के रोमांचक मुकाबले में शादाब खान ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से पाकिस्तान को 1 विकेट से यादगार जीत दिलाई. इस मुकाबले के बीच अब पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सकलैन मुश्ताक की बेटी मलाइका सकलैन भी चर्चा में हैं.
क्रिकेट जगत से जुड़े परिवार से ताल्लुक रखने वाली मलाइका ने अपनी पढ़ाई और शैक्षणिक उपलब्धियों से अलग पहचान बनाई है.
कौन हैं मलाइका सकलैन?
मलाइका सकलैन पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सकलैन मुश्ताक की बेटी हैं. सकलैन मुश्ताक पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
मलाइका ने पढ़ाई में कंप्यूटर सिस्टम्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया और इसके बाद कंप्यूटर इंजीनियरिंग में मास्टर्स की डिग्री हासिल की.
मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर बनाया करियर
पढ़ाई के अलावा मलाइका को ब्यूटी और लाइफस्टाइल में भी काफी दिलचस्पी है. इसी शौक को उन्होंने अपने करियर का हिस्सा बनाया और मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम शुरू किया.
9 विकेट गिरने के बाद शादाब ने पलटा मैच
पाकिस्तान को जीत के लिए 242 रन बनाने थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 154 रन पर ही अपने 9 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे में पाकिस्तान की जीत मुश्किल लग रही थी. लेकिन शादाब खान ने हार नहीं मानी और आखिरी विकेट पर बल्लेबाजी करने आए हारिस रऊफ के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचा दिया.
शादाब ने 96 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए. उनकी पारी में 13 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. वहीं, हारिस रऊफ ने 19 गेंदों पर नाबाद 7 रन बनाकर दूसरे छोर पर उनका साथ दिया. दोनों के बीच आखिरी विकेट के लिए नाबाद 89 रनों की साझेदारी हुई. आखिर में हारिस रऊफ के चौके के साथ पाकिस्तान ने 47.1 ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
मां और पत्नी को समर्पित की जीत
इस शानदार जीत के बाद शादाब खान काफी भावुक नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए इस जीत का श्रेय अपनी जिंदगी की दो खास महिलाओं को दिया. शादाब ने अपनी मां और पत्नी को यह जीत समर्पित की.