समाचार · मध्य प्रदेश
तीन साल से बाद भी अधूरा है सीएम राइज स्कूल:अंजड़ में 1000 विद्यार्थियों को नए भवन का इंतजार, दीपावली बाद सौंपेगा ठेकेदार
बड़वानी जिले के अंजड़ में सीएम राइज स्कूल के नए भवन का इंतजार जल्द खत्म होने की उम्मीद है। पिछले तीन साल से चल रहा निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। भवन तैयार होने पर अंजड़ और आसपास के 1000 से ज्यादा बच्चों को आधुनिक शिक्षा और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्कूल के प्राचार्य अंतिम कुमार जैन ने बताया कि ठेकेदार ने दीपावली के बाद भवन सौंपने का भरोसा दिया है। हालांकि, मौजूदा स्थिति को देखते हुए निर्माण कार्य इस शिक्षा सत्र में भी खिंचने की आशंका है। नए भवन में करीब 40 कमरे होंगे। शिक्षा विभाग आसपास के छोटे स्कूलों को भी इसमें मर्ज करने की योजना बना रहा है। खेल मैदान से लेकर ओपन जिम तक की सुविधा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भवन परिसर में खेल मैदान और ओपन जिम बनाया जा रहा है। इसके अलावा डांस, संगीत और इनडोर गेम्स के लिए अलग-अलग एक्टिविटी रूम भी तैयार किए जा रहे हैं। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विभाग ने जल्द स्टाफ नियुक्त करने के आदेश दिए हैं। पुराना भवन तोड़े जाने के कारण फिलहाल विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में नई बिल्डिंग के तैयार हिस्से और पुराने भवन के बचे हुए हिस्से में दो शिफ्ट में कक्षाएं संचालित हो रही हैं। विद्यार्थियों को सुबह और दोपहर की शिफ्ट में बुलाया जाता है। नया भवन पूरी तरह तैयार होने के बाद सभी कक्षाएं एक ही शिफ्ट में संचालित हो सकेंगी। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को हो रही असुविधा दूर होने की उम्मीद है।