Monday, 10 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

प्रमुख चौराहों का विकास, बायो गैस प्लांट स्थापित होगा:महापौर की अध्यक्षता में एमआईसी बैठक में लिए गए अहम निर्णय

INT News10 August 2026 at 08:58 pm

बुरहानपुर नगर निगम की महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक सोमवार को महापौर माधुरी अतुल पटेल की अध्यक्षता में हुई। इसमें शहर के प्रमुख चौराहों के विकास, कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट की स्थापना और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा कर समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापना के लिए पीडेस्टल निर्माण कार्य उनकी जयंती से पहले पूरा करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। शहर के शिकारपुरा चौराहा, सिंधी बस्ती चौराहा, शनवारा चौराहा और गणपति थाना चौराहा के उन्नयन कार्यों की समीक्षा की गई। इन्हें बेहतर और व्यवस्थित बनाने के साथ विद्युत पोल शिफ्टिंग की कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट और एमआरएफ सेंटर की स्थापना पर भी चर्चा हुई। यह परियोजना लगभग 22.53 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है, जिसका उद्देश्य ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक प्रबंधन करना है। इसके अतिरिक्त, अर्बन चैलेंज फंड के तहत गुलमोहर मार्केट पुनर्विकास, ऐतिहासिक कुंडी भंडारे का संरक्षण, सीवरेज गैप पूरा करना और शोधित पानी को उद्योगों तक पहुंचाना जैसे कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया। कमल टॉकीज से डाकवाडी पुलिया तक नाले में 5 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी पाइप डालने और उसके ऊपर 68 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनाने का प्रस्ताव भी लिया गया। शहर की जलप्रदाय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना के गैप फाइलिंग कार्य को भी स्वीकृति मिली। महापौर माधुरी अतुल पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर गुणवत्तापूर्ण कार्य समय सीमा में संपन्न किए जाएं। उन्होंने नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय पर जोर दिया। बैठक में पूर्व महापौर अतुल पटेल, निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, एमआईसी चेयरमैन संध्या शिवहरे, धनराज महाजन, संभाजी सगरे सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।