समाचार · छत्तीसगढ़
रायगढ़ में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत:रात में जंगल रास्ते में अचानक हुआ सामना, बाकारुमा रेंज का मामला
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के बाकारुमा रेंज में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। रात के समय जंगल के रास्ते वह कहीं जा रहा था, तभी अचानक हाथी से उसका सामना हो गया। विभागीय अमला को सुबह मामले की जानकारी होने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक बाकारुमा रेंज के तेजपुर के जंगल रास्ते में आज सुबह एक युवक की लाश देखी गई। जिसे देखने के बाद यह स्पष्ट हो रहा था कि हाथी के हमले में ग्रामीण की जान गई है। ऐसे में मामले के सूचना वन अमला को दी गई। सूचना मिलते ही वन कर्मी मौके पर पहुंचे प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि युवक पत्थलगांव क्षेत्र का रहने वाला है और सुरेश चौहान 32 साल जो सारसमार से ढोड़ा गांव जा रहा था। जिसकी मानसिक स्थिति कुछ खराब होने के कारण वह रात के समय जंगल के रास्ते से कहीं जा रहा था, तभी अचानक हाथी से उसका सामना हो गया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद विभाग के द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजवाया गया।
अकेला हाथी जंगल में घूम रहा इस संबंध में रेंजर विष्णु मरावी ने बताया कि सुबह जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच की गई। मृतक की मानसिक स्थिति थोड़ी खराब होने की जानकारी मिली है। हाथी से रात में अचानक उसका सामना हो गया था। यह हाथी अकेला जंगल में विचरण कर रहा है और लगातार हाथी पर निगरानी की जा रही है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी भी कराई जा रही है।