Thursday, 10 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

हांसी में सफाई कर्मियों को किसान-मजदूर संगठनों ने दिया समर्थन:जन पंचायत कल; बाजारों में घूमकर व्यापारियों को दिया निमंत्रण

INT News10 September 2026 at 01:52 pm

हांसी में नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 35वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने धरना स्थल पर सरकार की कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी कर गुस्सा जताया। आंदोलन स्थल पर कर्मचारियों के लिए लंगर भी लगाया गया। राज्य कैशियर सुरेंद्र यादव ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर 10 सितंबर को जन पंचायत होगी। इसमें शहर के जनप्रतिनिधि, किसान, मजदूर, सामाजिक संगठन और कई यूनियनें शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारी जन पंचायत के जरिए अपनी मांगें और अब तक की परेशानियां जनता के सामने रखेंगे। बाजारों में घूमकर लोगों से साथ देने की अपील जन पंचायत के समर्थन के लिए कर्मचारियों ने बुधवार को शहर के बाजारों में घूमकर लोगों से आंदोलन का साथ देने की अपील की। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन के अड़ियल रवैये के कारण नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के 18 हड़ताली कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। संघ ने इसकी निंदा की है। पूर्व प्रधान बोलीं- अब खोने के लिए कुछ नहीं पूर्व प्रधान पूनम चंद्र रती ने बताया कि 1996 में भी नगर पालिका कर्मचारियों को वेतन के लिए आंदोलन और भूख हड़ताल करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के पास अब खोने के लिए कुछ नहीं है। सरकार चाहे गिरफ्तार करे या जेल भेजे, कर्मचारी अपनी मांगों और आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। किसान और मजदूर संगठनों ने दिया समर्थन धरना स्थल पर पहुंचे किसान और मजदूर संगठनों ने भी हड़ताली कर्मचारियों को समर्थन दिया। उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। किसान संगठनों के साथ आने से आंदोलन कर रहे कर्मचारियों में नया जोश दिखा। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार और मंत्री कर्मचारियों को जनता के बीच बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि जब तक सरकार मांगों को लेकर लिखित पत्र जारी नहीं करती, तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। नेताओं ने कहा कि अब किसान, मजदूर और कर्मचारी मिलकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे। मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।