Thursday, 10 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जन-अभियान तेज:स्कूल से चौपाल तक पहुंची टीम, 225 विद्यार्थियों को जागरूक किया, पीड़ितों को उपचार से जोड़ा

INT News10 September 2026 at 01:52 pm

नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जागरूकता और पुनर्वास अभियान लगातार जारी है। एसपी सिद्धान्त जैन के मार्गदर्शन में नशा मुक्ति पुलिस टीम ने थाना बरवाला क्षेत्र के गांव सरसोद-बीचपड़ी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ग्रामीणों से भी सीधा संवाद किया गया। गांव सरसोद-बीचपड़ी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्ति पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने करीब 225 छात्र-छात्राओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। प्राचार्या सुमन एवं स्कूल स्टाफ की मौजूदगी में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा पढ़ाई और खेलों में ध्यान केंद्रित कर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई तथा नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई। चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद नशा मुक्ति टीम ने गांव की चौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। टीम ने ग्रामीणों से नशामुक्त अभियान में पुलिस का सहयोग करने और क्षेत्र में नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की। कई क्षेत्रों में भांग के पौधों की पहचान टीम ने बिचपड़ी-सरसोद, तलवंडी राणा, एयरपोर्ट क्षेत्र के बाईपास रोड, बगला रोड स्थित पीरावाली, न्योली कलां, मिगंनी खेड़ा, सलेमगढ़ और मात्रश्याम क्षेत्र में पहुंचकर भांग के पौधों की पहचान की। साथ ही नशे के संभावित स्रोतों पर निगरानी रखने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई गई। नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने पर जोर अभियान के दौरान नशे की लत से प्रभावित लोगों को उपचार और दवा उपलब्ध करवाने के लिए भी प्रयास किए गए। पुलिस के अनुसार कुल 16 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक उपचार से जोड़ा गया। इनमें 3 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। 2 लोगों को नागरिक अस्पताल हिसार से पहली बार दवा दिलवाई गई और 5 को दूसरी बार दवा उपलब्ध करवाने के साथ ब्लड टेस्ट और काउंसलिंग करवाई गई। वहीं 9 नशा पीड़ितों के घर पहुंचकर नशा मुक्ति टीम ने पहली बार आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध करवाई। टीम ने नशा पीड़ितों और उनके परिजनों से संपर्क बनाए रखते हुए उन्हें उपचार जारी रखने तथा नशे से बाहर निकलकर सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। परिवार और समाज की भागीदारी जरूरी : एसपी एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस नशे के खिलाफ केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। युवाओं को नशे से बचाना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के व्यवहार और संगत पर नजर रखने, ग्रामीणों से नशा तस्करों और नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति टीम का गांव-गांव जाकर जागरूकता, पहचान, काउंसलिंग और उपचार से जोड़ने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।