समाचार · मध्य प्रदेश
गुना के राजपुरा में पकड़ाई अवैध शराब की फैक्ट्री:8.6 लाख का 8600 लीटर लाहन किया नष्ट; 520 लीटर कच्ची शराब जब्त
गुना जिले के राघौगढ़ इलाके में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने राघौगढ़ थाना क्षेत्र के राजपुरा गांव में दबिश देकर 8600 लीटर लाहन नष्ट किया। मौके से हाथभट्टी की 520 लीटर कच्ची शराब और एक बाइक भी जब्त की गई। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब बनाने में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। खेत और झाड़ियों में सर्चिंग के दौरान मिला लाहन पुलिस के मुताबिक राजपुरा गांव में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सुबह गांव में दबिश दी। आसपास के खेतों और झाड़ियों में सर्चिंग करने पर बड़े ड्रम और टंकियों में शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 8600 लीटर लाहन मिला। इसकी कीमत करीब 8.5 लाख रुपए बताई गई है। भट्टी और हौज भी नष्ट किए टीम ने मौके पर अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही भट्टी, हौज और अन्य सामग्री को भी नष्ट कर दिया। वहीं 520 लीटर कच्ची शराब, जिसकी कीमत करीब 52 हजार रुपए है, को विधिवत जब्त किया गया। एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। अज्ञात आरोपियों पर केस, गिरफ्तारी के प्रयास जारी पुलिस ने बताया कि एसपी हितिका वासल के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई एएसपी प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के नेतृत्व में की गई। अवैध शराब के कारोबार में शामिल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ राघौगढ़ थाने में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।