Thursday, 10 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अनूपपुर में 20 मिनट झमाझम बारिश:रह-रहकर फुहारें जारी, हल्की हवाओं से मौसम में नरमी, फसलों को होगा फायदा

INT News10 September 2026 at 01:55 pm

अनूपपुर जिले में सात दिनों की लगातार बारिश के बाद तीन दिन धूप खिली थी। गुरुवार सुबह जिला मुख्यालय अनूपपुर और आसपास के इलाकों में कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। इसके बाद भी रुक-रुक कर फुहारें गिरती रहीं। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और हल्की तेज हवाएं चल रही हैं। इससे मौसम में ठंडक आ गई है। बिजुरी और कोतमा के कुछ इलाकों में रात में भी हल्की बारिश हुई थी। गुरुवार सुबह 10:30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। कृषि विभाग के प्रभारी उपसंचालक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद है। पहले सात दिनों की लगातार बारिश से फसलों के पत्ते पीले पड़ने और कीट लगने का खतरा बढ़ गया था। अब तीन दिनों की धूप और सूखी हवा के बाद हल्का पानी मिलने से फसलों को अच्छा फायदा होगा। जिले में 1 लाख 90 हजार हेक्टेयर से ज्यादा रकबे पर खरीफ की बुवाई हुई है। इसमें 97500 हेक्टेयर में धान, 13550 हेक्टेयर में मक्का, 3500 हेक्टेयर में कोदो कुटकी, 19300 हेक्टेयर में अरहर, 12500 हेक्टेयर में उड़द और 6000 हेक्टेयर में सोयाबीन सहित दूसरी फसलें शामिल हैं। भू अभिलेख कार्यालय के अधीक्षक प्रदीप मोगरे ने बताया कि अनूपपुर में गुरुवार की बारिश मानसून की सक्रियता और मध्य भारत व बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्रों के असर से हुई है। सितंबर में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में बने मौसमी सिस्टम से नमी वाली हवाएं आ रही हैं। इससे स्थानीय स्तर पर नमी और बादलों की आवाजाही से हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की स्थिति बन रही है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अब तक कुल सामान्य औसत बारिश 948.3 मिमी दर्ज की गई है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 80.7 मिमी वर्षा अधिक है। पिछले वर्ष इस अवधि तक मात्र 904.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी, जबकि जिले में इस अवधि तक मानक सामान्य वर्षा 948.3 मिमी होना चाहिए था।