समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में ट्रक ड्राइवर ने फांसी लगाकर दी जान:पत्नी और बेटियां झांकियां देखने गई थीं, लौटने पर घर में मिला शव
भोपाल में शुक्रवार रात नेहरू नगर में एक परिवार झांकियां देखकर घर लौटा तो अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। 37 वर्षीय ट्रक ड्राइवर राहुल सोनेरे फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी तीनों बेटियों के साथ झांकियां देखने गई थी। घर लौटने पर राहुल को इस हालत में देखकर परिजन ने पुलिस को सूचना दी। कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। राहुल ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। ऐसे में जांच में राहुल की पारिवारिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस परिजन के बयान लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हाल के दिनों में वह किसी तनाव या परेशानी में तो नहीं था। ट्रक ड्राइवर था राहुल, पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहता था पुलिस के मुताबिक, राहुल सोनेरे नेहरू नगर पेट्रोल पंप के पास बस्ती में पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहता था। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार रात पत्नी और बेटियां झांकियां देखने के लिए घर से बाहर गई थीं। इस दौरान राहुल घर पर अकेला था। रात में परिवार के लौटने पर राहुल घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। परिजन ने आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से ऐसा कोई पत्र या अन्य सामग्री नहीं मिली, जिससे मौत की वजह का तत्काल पता चल सके। परिजन के बयान से स्पष्ट होगी मौत की वजह कमला नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने के साथ राहुल के हाल के दिनों के व्यवहार और परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि परिजन के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।