समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर में फिर गैस लीकेज, अवंतिका का मॉकड्रिल:राजीव गांधी चौराहे पर 10 मिनट ट्रैफिक रोका, आग बुझाने दौड़ी टीमें
राजीव गांधी चौराहे पर गुरुवार को अचानक ट्रैफिक रोक दिया गया। सड़क पर गैस लीकेज के बाद आग लगने की सूचना से मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बना। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत एक्टिव हुईं और करीब 10 मिनट तक ट्रैफिक रोककर आग बुझाने की कार्रवाई की गई। यह कोई वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि आवंतिका गैस लिमिटेड का लेवल-3 मॉकड्रिल था। मॉकड्रिल में आवंतिका गैस के गैस वितरण वाहन से गैस रिसाव के बाद आग लगने का पूरा परिदृश्य तैयार किया गया। सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर कंपनी की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची। इलाके को सुरक्षित किया गया और गैस रिसाव तथा आग पर काबू पाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मॉकड्रिल में GAIL (इंडिया) लिमिटेड, गुजरात एनर्जी लिमिटेड और नावरिया गैस प्राइवेट लिमिटेड ने म्यूचुअल एड पार्टनर्स के रूप में हिस्सा लिया। सभी टीमों ने आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय का अभ्यास किया। चौराहे पर रोका ट्रैफिक, एजेंसियों ने संभाला मोर्चा मॉकड्रिल के दौरान राजीव गांधी चौराहे के आसपास यातायात को कुछ समय के लिए रोका गया, ताकि आपातकालीन टीमें सुरक्षित तरीके से कार्रवाई कर सकें। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभाली, जबकि नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम ने आग बुझाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। अभ्यास का उद्देश्य यह देखना था कि गैस से जुड़ी आपात स्थिति में अलग-अलग एजेंसियां कितनी तेजी से मौके पर पहुंचती हैं और आपस में किस तरह समन्वय कर कार्रवाई करती हैं। आवंतिका गैस लिमिटेड के अधिकारियों सौरभ एदलाबादकर, जितेन्द्र भट्ट और इंद्रेश दुबे ने मॉकड्रिल का निरीक्षण किया। इंदौर नगर निगम अग्निशमन विभाग की ओर से शिवनारायण शर्मा भी मौजूद रहे। असली हादसे में काम आएगी तैयारी आवंतिका गैस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रूबीन पेनिकर ने कहा कि इस तरह के मॉकड्रिल का उद्देश्य प्राकृतिक गैस से जुड़ी किसी भी संभावित आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है। नियमित अभ्यास से अलग-अलग एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनता है और वास्तविक आपदा की स्थिति में प्रतिक्रिया समय कम करने में मदद मिलती है। मॉकड्रिल के दौरान सभी टीमों ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार कार्रवाई की। अभ्यास के बाद समीक्षा की गई।