Thursday, 20 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

एक गोल तक नहीं कर सकी रोवर्स एफसी, ईस्ट बंगाल महिला टीम ने 12-0 से दर्ज की रिकॉर्ड जीत

INT News20 August 2026 at 09:44 pm

East Bengal Women Team : ईस्ट बंगाल एफसी की महिला टीम ने एएफसी महिला चैंपियंस लीग 2026-27 के शुरुआती दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए रोवर्स एफसी को 12-0 से मात दी. गुरुवार को मलेशिया के कोटा किनाबालु स्थित लिकास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईस्ट बंगाल ने शुरू से लेकर आखिरी सीटी तक अपना दबदबा बनाए रखा.

पहले हाफ में ही मैच पर पकड़

ईस्ट बंगाल ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की. छठे मिनट में प्रियंका देवी नाओरेम ने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाया. गेंद गोलकीपर को छकाते हुए बाएं पोस्ट से टकराई और गोल में चली गई. 15वें मिनट में ईस्ट बंगाल की बढ़त दोगुनी हो गई. अंजू चानू कायेनपैम के बॉक्स के अंदर से लगाए गए शॉट को रोवर्स की गोलकीपर जे अलमोंटे पूरी तरह रोक नहीं सकीं. गेंद छिटककर सामने आई और अस्तम ओरांव ने रिबाउंड पर गोल कर दिया.

इसके सात मिनट बाद प्रियंका ने फिर कमाल दिखाया. वह गेंद लेकर बॉक्स में दाखिल हुईं और गोलकीपर के ऊपर से गेंद निकालते हुए अपना दूसरा गोल कर दिया. इस तरह पहले हाफ के अंत तक ईस्ट बंगाल 3-0 से आगे था.

दूसरे हाफ में गोलों की बारिश

ब्रेक के बाद भी ईस्ट बंगाल की रफ्तार कम नहीं हुई. 48वें मिनट में सुलंजना राउल बॉक्स में पहुंचीं और उनके क्रॉस पर डिफ्लेक्शन हुआ. गेंद ओलिविया अनोकी के पास पहुंची और उन्होंने नजदीक से गोल करने में कोई गलती नहीं की. अगले ही मिनट सौम्या गुगुलोथ ने बेहतरीन क्रॉस के जरिए घाना की अबीगेल एंट्वी को गेंद दी. एंट्वी ने शानदार हेडर लगाकर टीम का पांचवां गोल कर दिया. 51वें मिनट में सुलंजना राउल ने रिबाउंड का फायदा उठाते हुए गोल किया. इसके पांच मिनट बाद शिल्की देवी हेमाम ने बॉक्स के बाहर से बेहतरीन शॉट लगाकर गेंद को सीधे ऊपरी कोने में पहुंचा दिया.

Also Read: क्या अभिषेक शर्मा को लग गई थी पार्टियों और गर्लफ्रेंड की लत? युवराज सिंह ने ऐसे बचाया उनका करियर

58वें मिनट में दूसरा गोल

58वें मिनट में ओलिविया अनोकी ने बॉक्स के अंदर से कम ऊंचाई वाला शानदार शॉट लगाकर अपना दूसरा गोल किया. इसके बाद अबेना ओपोकू ने 64वें मिनट में गोल दागा और फिर 70वें मिनट में दोबारा स्कोर कर ईस्ट बंगाल की बढ़त को और मजबूत कर दिया. अंजू चानू कायेनपैम ने 73वें मिनट में गोल करके स्कोर 11-0 कर दिया. मुकाबले का आखिरी गोल इंजरी टाइम में आया. 90+3वें मिनट में सौम्या गुगुलोथ ने गेंद को गोल में पहुंचाकर ईस्ट बंगाल की जीत का स्कोर 12-0 कर दिया.

एशियाई क्लब प्रतियोगिता में बड़ी जीत

इस जीत के साथ ईस्ट बंगाल ने भारतीय क्लब फुटबॉल के लिए नया रिकॉर्ड कायम किया. किसी एशियाई क्लब प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष या महिला क्लब की यह सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले यह रिकॉर्ड ईस्ट बंगाल की पुरुष टीम के नाम था, जिसने 1985-86 एशियाई क्लब चैंपियनशिप में मालदीव के क्लब वेलेंसिया को 9-0 से हराया था. महिला टीम ने अब उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. ईस्ट बंगाल की यह लगातार दूसरी जीत है. पहले मुकाबले में टीम ने बांग्लादेश की राजशाही स्टार्स एफसी को 4-0 से हराया था. अब टीम ग्रुप चरण में जगह बनाने से केवल एक जीत दूर है. रविवार को ईस्ट बंगाल का सामना मलेशिया की सबाह एफए से होगा.

Also Read: WTC में जो रूट का कारनामा, कप्तान के तौर पर 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी