समाचार · छत्तीसगढ़
कोरबा सब-स्टेशन में चढ़ा जहरीला सांप:ट्रांसफॉर्मर के चारों ओर उगी झाड़ियां और जंगल से बढ़ा जोखिम, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
कोरबा जिले के 33/11 केवी सब-स्टेशनों में ठेका कर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बालको सब-स्टेशन का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लाइन सुधारने पहुंचे कर्मचारियों के सामने एक जहरीला सांप खंभे पर चढ़ता दिखाई दे रहा है। कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बालको सब-स्टेशन के यार्ड में ट्रांसफॉर्मर के आसपास घनी झाड़ियां और जंगल उगा हुआ है। बरसात के मौसम में यहां जहरीले सांप और अन्य जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। ट्रांसफॉर्मर के आसपास घनी झाड़ियां सब-स्टेशन ऑपरेटर ललित किशोर बरेठ के मुताबिक, यार्ड में कई प्रजातियों के सांप मिलते हैं। उन्होंने बताया कि बरसात से पहले सफाई कराने के लिए ठेकेदार और अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई थी। ऑपरेटर के अनुसार, स्पिन चार्ज करने, परमिट देने और उसे रद्द करने जैसे जरूरी कामों के लिए यार्ड में जाना पड़ता है। ऐसे में जहरीले जीव-जंतुओं की मौजूदगी के कारण कर्मचारियों में लगातार डर बना रहता है। 60 सब-स्टेशनों की सफाई का एक ही ठेका CSPDCL के अनुसार, जिले में करीब 60 सब-स्टेशन हैं। इन सभी की साफ-सफाई का ग्लोबल टेंडर एक ही एजेंसी को दिया गया है। ठेकेदार को हर महीने सब-स्टेशनों की सफाई करनी होती है। कुछ दिन पहले अधीक्षण अभियंता ने संबंधित ठेकेदार को पत्र जारी कर सभी 33/11 केवी सब-स्टेशनों में नियमित सफाई और ठेका कर्मियों को ESIC सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। अधिकारी बोले- 2-3 दिन में होगी सफाई अधीक्षण अभियंता जे. कुमार सोनकर ने बताया कि बरसात के कारण कुछ स्थानों पर नियमित सफाई प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि जहां आपात स्थिति है, वहां काम कराया जा रहा है। बालको सब-स्टेशन की स्थिति उनके संज्ञान में आ गई है और 2-3 दिन में सफाई करा दी जाएगी। वहीं, कर्मचारियों का कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले ही सफाई करा दी जाती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। सब-स्टेशन में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए नियमित सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है।