समाचार · मध्य प्रदेश
छात्र-छात्राओं को ले जा रहे ऑटो सहित 10 वाहन जब्त:ठूंस-ठूंस कर बैठा रखे थे, बच्चों को स्कूल छोड़कर आए पुलिसवाले
शहडोल में स्कूली बच्चों को ऑटो में बैठाकर स्कूल ले जाना चालकों को महंगा पड़ा। बुधवार को यातायात पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा के लिए शहर में एक विशेष अभियान चलाया। स्कूलों के आसपास और शहर के अलग-अलग इलाकों में जांच के दौरान 10 से ज्यादा ऑटो जब्त किए गए। इन वाहनों में स्कूली बच्चे सवार थे। यातायात पुलिस के मुताबिक, स्कूली बच्चों को ऑटो से लाने-ले जाने और वाहनों में क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस ने पहले भी ऑटो चालकों को समझाया था कि वे बच्चों के परिवहन के लिए सुरक्षा मानकों वाले स्कूली वाहनों का इस्तेमाल करें। इसके बावजूद ऑटो से बच्चों को स्कूल पहुंचाया जा रहा था। बुधवार को पुलिस की अलग-अलग टीमों ने स्कूलों के पास वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान बच्चों को ले जा रहे ऑटो को रोककर उनके कागजात और परिवहन नियमों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 10 से ज्यादा ऑटो जब्त कर यातायात थाने में खड़े कराए गए। पुलिस ने निभाई जिम्मेदारी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बच्चों को ऑटो से उतारने के बाद उन्हें उनके हाल पर नहीं छोड़ा। जिन बच्चों को स्कूल पहुंचना था, उन्हें पुलिस वाहनों से स्कूल पहुंचाया गया। वहीं, छुट्टी के बाद घर जाने वाले बच्चों को भी पुलिस की व्यवस्था से उनके घर तक पहुंचाया गया। इससे बच्चों और अभिभावकों को कोई परेशानी नहीं हुई। यातायात पुलिस ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। जब्त किए गए वाहनों को नियमों के हिसाब से कोर्ट में पेश किया जाएगा।