समाचार · पंजाब
RCF ने बांग्लादेश के लिए पहला रेक तैयार किया:19 LHB ब्रॉडगेज कोच आज हुए रोल-आउट
कपूरथला आरसीएफ (रेल कोच फैक्ट्री) आज 12 अगस्त को बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 एलएचबी ब्रॉडगेज रेल डिब्बों वाले पहले रेक का रोल-आउट करेगा। यह आरसीएफ की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस रेक में 3 एसी स्लीपरकार, 3 एसी चेयरकार, 11 नॉन-एसी चेयरकार और 2 पावर कार शामिल हैं। इन रेल डिब्बों को बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष रूप से अनुकूलित किया गया है। इनमें कई विशिष्ट डिजाइन विशेषताएं और संशोधन शामिल किए गए हैं, जिनमें से अनेक एलएचबी प्रकार के डिब्बों में पहली बार विकसित किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रिक्लाइनिंग चेयर, स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट, स्टेनलेस स्टील फुटरेस्ट और सीटों को कई पोजीशन में रिक्लाइन करने की सुविधा दी गई है। कोचों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें एसी कोचों में पंखे, इंटीग्रेटेड सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम, पैसेंजर अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां, बेबी केयर रूम और प्रार्थना कक्ष शामिल हैं। विशिष्ट परिचालन परिस्थितियों को देखते हुए, कोचों की छत की संरचना को भी मजबूत किया गया है, ताकि व्यस्त समय में छत पर यात्रियों के अतिरिक्त भार को सहन किया जा सके। इन कोचों की एक प्रमुख तकनीकी विशेषता यूरोपीय मानक EN-15227 के अनुरूप क्रैशवर्दी डिजाइन प्रावधानों का समावेश है। इसके लिए कार बॉडीशेल का व्यापक पुनःडिजाइन किया गया है, जिससे टक्कर की स्थिति में बेहतर प्रदर्शन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इन कोचों की विद्युत प्रणाली को भी विशेष रूप से 415V ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है, जबकि भारतीय रेल के कोचों में आमतौर पर 750V प्रणाली का उपयोग होता है। आरसीएफ और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत 2015-16 में 120 एलएचबी ब्रॉडगेज यात्री कोचों की सफल आपूर्ति के साथ हुई थी। इस सफल साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए, बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में एक बार फिर राइट्स (RITES) के माध्यम से आरसीएफ को सात विभिन्न प्रकार के 200 ब्रॉडगेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का प्रतिष्ठित ऑर्डर दिया है।