समाचार · मध्य प्रदेश
अमरपाटन में रहवासियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल 32 घंटे से जारी:मर्चुरी शिफ्टिंग, नाली निर्माण समेत अन्य मांगों को लेकर धरना
मैहर जिले के अमरपाटन नगर परिषद के वार्ड नंबर 5 में रहने वाले लोगों का बेमियादी धरना बुधवार को भी जारी रहा। यह आंदोलन 32 घंटे से भी ज्यादा समय से चल रहा है। नगर परिषद को मांग पत्र देने के बाद भी कोई कदम न उठाए जाने से गुस्साए लोगों ने यह हड़ताल शुरू की है। लोगों की मुख्य मांग है कि वार्ड नंबर 05 में बन रही मर्चुरी को यहां से हटाकर सिविल अस्पताल परिसर में बनाया जाए। इसके अलावा, पानी भरने की दिक्कत को दूर करने के लिए नाली का निर्माण कराया जाए और डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का सौंदर्यीकरण किया जाए। समय बीतने पर शुरू किया आंदोलन प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि इन दिक्कतों को लेकर पहले नगर परिषद को ज्ञापन दिया गया था और तय समय में काम करने की मांग की गई थी। लेकिन समय खत्म होने के बाद भी जब कोई हल नहीं निकला, तो मजबूरी में उन्हें अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठना पड़ा। 30 घंटे बाद भी नहीं पहुंचा कोई अफसर धरने पर बैठे लोगों ने आरोप लगाया कि 30 घंटे से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी बात सुनने नहीं आया है। इस उपेक्षा से लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और "सीएमओ मुर्दाबाद", "विधायक मुर्दाबाद" व "नगर परिषद मुर्दाबाद" के नारे लगाए। धर्मेंद्र बंसल और सिद्धार्थ नालंदा ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस काम नहीं होता, तब तक यह आंदोलन ऐसे ही चलता रहेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन और नगर परिषद इस पर क्या कदम उठाते हैं।