Wednesday, 12 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

रांची के निर्मला कॉलेज में 2000 छात्राओं को मिला वोटर बनने का पाठ, जानें फॉर्म-6 और फॉर्म-8 का इस्तेमाल

INT News12 August 2026 at 09:15 pm

रांची: युवाओं और खासकर नवमतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से निर्मला कॉलेज, रांची और जिला निर्वाचन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को महाविद्यालय परिसर में मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान में इंटर, स्नातक और स्नातकोत्तर की करीब 2000 छात्राओं ने हिस्सा लिया.

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, दर्ज विवरण में सुधार कराने और निर्वाचन से जुड़ी ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गयी. छात्राओं को बताया गया कि पात्र युवा समय पर मतदाता के रूप में पंजीकरण कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकते हैं.

18 वर्ष की उम्र पूरी होने पर ऐसे जुड़वा सकते हैं नाम

जिला निर्वाचन कार्यालय के पदाधिकारी आदित्य झा ने छात्राओं को ईसीआइ पोर्टल और ईसीआइ नेट एप के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया समझायी. उन्होंने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र युवा फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं.

उन्होंने मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म-8 के इस्तेमाल की जानकारी दी. इसके अलावा मतदान केंद्र बदलने, नाम हटाने और अन्य निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन सुविधाओं के बारे में भी छात्राओं को विस्तार से बताया गया. ऑनलाइन आवेदन के साथ ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करने की प्रक्रिया भी समझायी गयी.

छात्राओं से खुद वोटर बनने और दूसरों को जागरूक करने की अपील

कॉलेज की उपप्राचार्या डॉ. सिस्टर शोभा ने छात्राओं से स्वयं मतदाता के रूप में पंजीकृत होने की अपील की. उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने मित्रों, परिवार के सदस्यों और आसपास के युवाओं को भी मतदाता पंजीकरण और मतदान के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ सकें.

शिक्षकेत्तरकर्मी नवेन्द्र झा ने नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया और आवेदन के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान से संबंधित जानकारी दी.

2000 छात्राओं ने लिया हिस्सा

मतदाता साक्षरता अभियान में कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तरकर्मी तथा इंटर, स्नातक और स्नातकोत्तर की करीब 2000 छात्राएं शामिल हुईं. कार्यक्रम के अंत में डॉ. ज्योति प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया.