समाचार · मध्य प्रदेश
जीरन में निकली तिरंगा वाहन रैली, गूंजे देशभक्ति के नारे:'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजन; पुष्पवर्षा कर नगरवासियों ने किया स्वागत
नीमच जिले के जीरन में बुधवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक विशाल तिरंगा वाहन रैली निकाली गई। प्रशासन के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में सैकड़ों नगरवासियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर हिस्सा लिया और पूरे जीरन नगर को देशभक्ति के जयघोषों से गुंजायमान कर दिया। हनुमान मंदिर से बड़े गणपति मंदिर पहुंची यात्रा वाहन तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जीरन के ऐतिहासिक समर्थ लंका विजय हनुमान मंदिर परिसर से हुआ। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं का काफिला नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ बड़े गणपति मंदिर पहुंचा। इसके बाद विभिन्न अंदरूनी रास्तों से गुजरते हुए यात्रा वापस अपने शुरुआती स्थल पर आकर संपन्न हुई। जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत डीजे पर बज रहे देशभक्ति भजनों के बीच निकाली गई इस यात्रा का स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने जगह-जगह फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया। यात्रा में निजी संस्थानों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यह रहे उपस्थित आयोजन में पुलिस, राजस्व, नगर और शिक्षा विभाग सहित कई शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। यात्रा के समापन पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपने घरों, दुकानों और दफ्तरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।