समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में बारिश ने बढ़ाई टेंशन:बिरसिंहपुर में 5.3 इंच बारिश, मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ का खतरा गहराया; नदी किनारे गांवों में प्रशासन का अलर्ट
सतना जिले में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार रात हल्की बारिश के बाद बुधवार सुबह से जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है। मझगवां, बरौंधा और बिरसिंहपुर के पहाड़ी इलाकों में करीब दो घंटे से लगातार बारिश जारी है। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया है। बिरसिंहपुर में 5.3 इंच बारिश मंगलवार को 24 घंटे के दौरान जिले में औसतन ढाई इंच बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बिरसिंहपुर में 5.3 इंच और रामपुर में 5 इंच बारिश हुई। मझगवां में 3.1, रघुराजनगर में 2.3, सोहावल में 1.3, नागौद-जसो में 1.2 और उचेहरा में 1.2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। सामान्य से 24% ज्यादा बारिश 1 जून से 1 सितंबर तक जिले में औसत 44.1 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य बारिश से करीब 24 प्रतिशत अधिक है। बरौंधा-मझगवां में अब तक सबसे ज्यादा 52.5 इंच, बिरसिंहपुर में 51.2, रघुराजनगर में 48.4, रामपुर बघेलान में 47.1, नागौद में 47, सोहावल में 46.8, उचेहरा में 32.3 और जसो में 28.1 इंच बारिश दर्ज की गई है। मंदाकिनी का जलस्तर बढ़ने की आशंका मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को जारी अलर्ट के बीच मझगवां, बरौंधा और बिरसिंहपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश का असर चित्रकूट की मंदाकिनी नदी के जलस्तर पर पड़ सकता है। इससे चित्रकूट में बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका है। प्रशासन नदी किनारे के क्षेत्रों और निचली बस्तियों पर नजर बनाए हुए है।