Tuesday, 11 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

'आलू 1 रुपये किलो, सपना 1 ट्रिलियन डॉलर का', अखिलेश यादव बोले- ये है डील की ढील का परिणाम

INT News11 August 2026 at 01:18 pm

UP News: उत्तर प्रदेश में आलू की गिरती कीमतों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. कानपुर, कन्नौज और मैनपुरी समेत कई जिलों में उचित मूल्य नहीं मिलने की शिकायत सामने आ रही है. बड़ी मात्रा में आलू कोल्ड स्टोरेज में रखा है, जबकि मंडियों में दाम इतने नीचे पहुंच गए हैं कि कई किसान उत्पादन और परिवहन की लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं. इससे आलू उत्पादकों के सामने आर्थिक संकट गहराता दिखाई दे रहा है.

चकरपुर मंडी में एक रुपये किलो का दावा

आलू किसानों की परेशानी को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है. कन्नौज से सपा सांसद ने वीडियो साझा किया, जिसमें कानपुर की चकरपुर मंडी में हाईब्रिड आलू कम कीमत पर बिकने का दावा किया गया है. वीडियो में एक युवक किसानों की स्थिति बताते हुए कहता सुनाई देता है कि आलू करीब एक रुपये किलो बिक रहा है और इसके बाद भी छंटाई का खर्च किसान को उठाना पड़ रहा है.

कम भाव में बढ़ता जा रहा खर्च का बोझ

वीडियो में किसानों को सलाह दी गई है कि जब तक बाजार में आलू का उचित भाव नहीं मिलता, तब तक कोल्ड स्टोरेज से उपज निकालने में जल्दबाजी न करें. दावा है कि कम कीमत पर आलू बेचने के बाद मंडी तक पहुंचाने का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है. इसके अलावा मजदूरी, छंटाई और कोल्ड स्टोरेज का खर्च अलग से जुड़ जाता है. ऐसे में किसानों की कमाई घटने के साथ लागत का दबाव लगातार बढ़ रहा है.

अखिलेश ने आर्थिक लक्ष्य पर उठाया सवाल

अखिलेश यादव ने वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को घेरा और प्रदेश की आर्थिक नीति पर सवाल उठाया. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में पूछा कि जब किसान को आलू की कीमत महज एक रुपये किलो मिल रही है, तो क्या ऐसे हालात में एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है? अखिलेश ने किसान की स्थिति को सरकार की नीतियों से जोड़ते हुए तीखी टिप्पणी की और सवाल उठाया.

यह भी देखें: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे खुलने की तैयारी, जाम से मिल सकती है राहत,कांवड़ यात्रा के कारण बदली यातायात व्यवस्था