समाचार · बिहार
VIDEOS: बिहार समेत कई राज्यों में फिर बदलेगा मौसम, आंधी-बिजली के साथ बारिश का अलर्ट

Weather Update Today : देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने 11 अगस्त को कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका जतायी है. मध्य भारत में बने मौसमी सिस्टम का असर बिहार समेत आसपास के राज्यों में भी देखने को मिल सकता है. ऐसे में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है.
बिहार-झारखंड में आंधी और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार बिहार और झारखंड में 11 अगस्त को आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की आशंका है. कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. आने वाले दिनों में दोनों राज्यों में मानसूनी गतिविधियां और बढ़ने का अनुमान है. मौसम खराब होने के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गयी है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक सक्रिय मॉनसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर बनी हुई है. वहीं मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में करीब 12 अगस्त के आसपास साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है. इसके कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की भी संभावना जतायी गयी है. इस मौसमी सिस्टम का असर मध्य भारत के अलावा देश के अन्य हिस्सों में भी पड़ सकता है.
दिल्ली-NCR से लेकर पहाड़ी राज्यों तक बारिश
दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी मानसूनी गतिविधियां बनी रहने का अनुमान है.
राजस्थान में बहुत भारी बारिश की चेतावनी
पूर्वी राजस्थान में 11 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है. मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है. भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है.
बारिश और बिजली के दौरान बरतें सावधानी
मौसम खराब होने पर लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और अन्य ऊंची संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी गयी है. खासकर आंधी और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहना जरूरी है. घर से निकलने से पहले स्थानीय मौसम की जानकारी जरूर लें.
Also Read : पटना में आज बादल छाए रहने के आसार, हल्की बारिश के बीच 35 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान