समाचार · हरियाणा
उकलाना डिग्री कॉलेज की खेल-कूद प्रतियोगिता:अंशिता और अंकित बने बेस्ट एथलीट, विजेता प्रमाण- पत्र और नकद पुरस्कार से सम्मानित
हिसार जिले में उकलाना के राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या रेखा सलूजा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विभिन्न स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की अंशिता को छात्रा वर्ग में बेस्ट एथलीट तथा इसी कक्षा के अंकित को छात्र वर्ग में बेस्ट एथलीट घोषित किया गया। प्राचार्या रेखा सलूजा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। खेल हमें जीत को विनम्रता से स्वीकार करने और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। खेल संयोजक एवं हिंदी सहायक प्रवक्ता कृष्ण शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से धैर्य, सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इन खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान लंबी कूद के छात्र वर्ग में अंकित प्रथम, राहुल द्वितीय और मनप्रीत तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में अंशिता ने पहला, लक्ष्मी ने दूसरा और अन्नू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद के छात्र वर्ग में राहुल प्रथम, मनप्रीत द्वितीय और अंकित तृतीय रहे, जबकि छात्रा वर्ग में अंशिता प्रथम, लक्ष्मी द्वितीय और अन्नू तृतीय स्थान पर रही। 200 मीटर दौड़ के छात्र वर्ग में मनप्रीत प्रथम, अंकित द्वितीय और अंकुश तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में अंशिता ने पहला, सपना ने दूसरा और लक्ष्मी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ के छात्र वर्ग में अंकित प्रथम, राहुल द्वितीय और मनप्रीत तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में लक्ष्मी प्रथम, अंशिता द्वितीय और तेनू तृतीय स्थान पर रही। गोला फेंक में सुरेंद्र ओर अंशिता ने मारी बाजी गोला फेंक के छात्र वर्ग में सुरेंद्र कुमार प्रथम, अंकित द्वितीय और राहुल तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में अंशिता ने पहला, पिंकी ने दूसरा और टीनू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने में निर्णायक मंडल और महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने सहयोग दिया।